छपरा निवासी और झारखंड पुलिस में पदस्थापित एएसआई श्याम सिंह उर्फ छोटू सिंह को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रांची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार द्वारा प्रदान किया गया।
अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान
एएसआई श्याम सिंह को यह पदक उनकी अदम्य साहस, उत्कृष्ट सेवा और वीरतापूर्ण कार्यों के लिए दिया गया। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर किसी भी स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
छपरा से देवघर तक सेवा की मिसाल
श्याम सिंह मूल रूप से बिहार के सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत हरपुर गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वे झारखंड के देवघर में एएसआई के पद पर पदस्थापित हैं। उनका परिवार भी सेवा भावना से जुड़ा है, क्योंकि उनके भाई सुधीर सिंह झारखंड पुलिस में एसआई के पद पर कार्यरत हैं।
गांव और जिले में खुशी का माहौल
राज्यपाल पदक मिलने की खबर के बाद हरपुर गांव, एकमा प्रखंड और पूरे सारण जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया।
श्याम सिंह को इससे पहले 15 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 1999 में पुलिस सेवा में नियुक्ति के बाद से उन्होंने अपने कार्यों से एक अलग पहचान बनाई है।
वीरता और सेवा के लिए लगातार पुरस्कार
वर्ष 2007 में चतरा जिले में एक नक्सली को हथियार सहित गिरफ्तार करने पर उन्हें मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार मिला था। इसके बाद वर्ष 2010 में उत्कृष्ट सेवा के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुलिस सेवा के साथ-साथ श्याम सिंह ने खेल के क्षेत्र में भी झारखंड पुलिस का नाम रोशन किया है। वर्ष 2002 से अब तक झारखंड स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में राइफल, कार्बाइन, स्टेनगन और पिस्टल वर्ग में लगातार स्वर्ण पदक जीतते हुए वे कई बार ओवरऑल चैंपियन रह चुके हैं।
251 से अधिक पुरस्कार, बेदाग सेवा रिकॉर्ड
अपने 27 वर्षों के सेवा काल में श्याम सिंह को 251 से अधिक पुरस्कार मिल चुके हैं। यह उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है कि उनके खिलाफ आज तक एक भी दंडात्मक कार्रवाई की शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक एवं बिहार के एकमा प्रखंड अंतर्गत योगिया गांव निवासी, नेशनल एथलीट विकास सिंह राठौर ने श्याम सिंह को बधाई दी। उन्होंने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में सावन मेले के दौरान श्याम सिंह के साथ की गई उत्कृष्ट ड्यूटी को यादगार बताया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.