चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी ने बैठक की। उन्होंने होल्डिंग एरिया चिह्नित करने के साथ ही पुलिस, परिवहन, पर्यटन और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बताया गया कि ऋषिकुल ग्राउंड में ही हर वर्ष की भांति चारधाम यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जर्मन हैंगर लगेगा, जिसमें कुल 20 पंजीकरण काउंटर संचालित किए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पंजीकरण काउंटर का संचालन सुबह सात से शाम सात बजे तक चलेगा। इसमें सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ विभागों को पूर्ववत तैयारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी को पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऋषिकुल में जर्मन हैंगर युक्त टेंट लगाकर अस्थायी पंजीकरण केन्द्र बनाया जाएगा, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए फंखे, बिजली, पानी, शौचालय और आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
एआरटीओ प्रशासन को हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को ट्रिप कार्ड व ग्रीन कार्ड बनाने के अलावा वाहनों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए सम्भागीय परिवहन अधिकारी को ऋषिकुल मैदान में हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान धामों पर अत्याधिक भीड़ होने, वीकेंड पर या अन्य स्थिति में भीड़ बढ़ने पर यात्रियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं और आश्रमों का चिह्ननीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के दर्शनीय स्थलों के साईनेज तैयार कर आश्रम, अखाड़े होटलों और यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.