मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ या किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना यात्रियों को सोशल मीडिया के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कहा कि एक सप्ताह में इस संबंध में प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। साथ ही यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की जाए।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने ने स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ- बदरीनाथ रूट पर सभी चिकित्सालयों को पूरी तरह क्रियाशील करने को और ऊर्जा निगम को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएस ने कहा कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों, उपकरणों, परिसंपत्तियों की मैपिंग कर ली जाए, जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर उनका तेजी से उपयोग किया जा सके। पशुपालन विभाग को यात्रा मार्ग पर पशुधन के पंजीकरण, उपचार, कैजुअल्टी की स्थिति में समुचित निस्तारण के लिए स्थानीय निकायों के समन्वय से व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
बदरीनाथ मास्टर प्लान: पौराणिक स्थलों और कॉरिडोर के कार्यों का होगा निरीक्षण, सीएस को सौंपी जाएगी रिपोर्ट