चंडीगढ़ के बहुचर्चित सोनू शाह हत्याकांड में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लॉरेंस गैंग से जुड़े इस सनसनीखेज मामले का एक प्रमुख चश्मदीद गवाह जोगिंदर सिंह पिछले कई वर्षों से लापता है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को अब तक यह भी पता नहीं चल पाया है कि जोगिंदर सिंह जिंदा है या उसकी मौत हो चुकी है। यह मामला 7 साल पहले बुडैल इलाके में हुए राजवीर सिंह उर्फ सोनू शाह की गोली मारकर हत्या से जुड़ा है। घटना के समय सोनू शाह के साथ जोगिंदर सिंह और परमिंदर सिंह भी मौजूद थे। दोनों इस हमले में घायल हुए थे। बाद में परमिंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि जोगिंदर सिंह का कोई ठोस सुराग आज तक नहीं लग सका। अदालत में नहीं दे पाई गवाह की जानकारी मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस अदालत में जोगिंदर सिंह के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी पेश नहीं कर सकी। सोनू शाह के भाई प्रवीण शाह ने अदालत में बयान दिया कि जोगिंदर की मौत हो चुकी है, लेकिन पुलिस के पास न तो उसका डेथ सर्टिफिकेट है और न ही मौत से जुड़ा कोई रिकॉर्ड। पत्नी और रिश्तेदारों को भी नहीं जानकारी पुलिस जांच में सामने आया कि जोगिंदर सिंह की पत्नी सुनीता पिछले 12-13 साल से उससे अलग रह रही है। सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसे भी नहीं पता कि उसका पति जिंदा है या नहीं। पुलिस ने जोगिंदर के पैतृक गांव जींद (हरियाणा) में भी पूछताछ की, लेकिन वहां से भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी। जोगिंदर के भतीजे सुनील ने बताया कि करीब तीन साल पहले जोगिंदर गांव आया था। वह बीमार था, इलाज के बाद बिना किसी को बताए चला गया। उसके पास न आधार कार्ड की जानकारी है और न ही कोई संपर्क नंबर। लॉरेंस बिश्नोई पर हत्या करवाने का आरोप पुलिस के मुताबिक सोनू शाह की हत्या गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर करवाई गई थी। अज्ञात शूटर सोनू शाह के बुडैल स्थित ऑफिस में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने शूटरों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में लॉरेंस के कहने पर वारदात को अंजाम देने की बात कबूली थी। इस मामले में लॉरेंस के अलावा धर्मेंद्र, शुभम उर्फ बिगनी, मंजीत उर्फ राहुल मोटा, अभिषेक उर्फ बंटी, राजू बसोदी, राजन उर्फ जाट और दीपक रंगा को आरोपी बनाया गया है। अहम गवाह के लापता होने से केस की सुनवाई और सच्चाई तक पहुंचने में बड़ी बाधा खड़ी हो गई है, जबकि पुलिस अब भी यह तय नहीं कर पाई है कि चश्मदीद गवाह जोगिंदर सिंह जिंदा है या नहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.