चंडीगढ़ के मनीमाजरा के गोविंदपुर इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया। गोविंदपुर में अचानक एक मकान की छत गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद 3 छोटे बच्चे मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। घायल बच्चों को तुरंत मनीमाजरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। एक बच्चा सेक्टर-16 अस्पताल रेफर जानकारी के अनुसार घर की छत गिरने से 3 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें 12 साल का चन्नी, 14 साल का गौरव और तीसरा राहुल शामिल है। इनमें से गौरव और चन्नी दोनों भाई हैं, जबकि राहुल पड़ोस में रहता है। वह गौरव के घर आया हुआ था और तीनों घर के अंदर बैठकर खेल रहे थे कि उसी दौरान छत गिर गई। बताया जा रहा है कि राहुल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे मनीमाजरा के सरकारी अस्पताल से सेक्टर-16 अस्पताल रेफर कर दिया। काफी पुराना था घर वहीं पड़ोस में रहने वाले विकास ने बताया कि जो घर गिरा है, वह काफी पुराना था। उसके आसपास के सभी घर पक्के बन चुके हैं, लेकिन यह घर कच्चा था और मिट्टी की छत थी। वीरवार रात से ही बारिश और तेज हवा चल रही थी, जिस कारण छत कमजोर होती गई और शुक्रवार सुबह छत गिर गई। छत गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी के नीचे दबे सभी को बाहर निकाला, जिनमें 3 बच्चों को काफी चोटें आई हैं। साथ की दीवार गिरने से हुआ हादसा वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी संजीव कोहली ने कहा कि साथ में जो मकान है, उसकी एक दीवार छत के ऊपर गिर गई, जिसके बाद छत एकदम से गिर गई। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके बाद आसपास के सभी कच्चे मकानों की जांच की जा रही है, ताकि कहीं फिर से ऐसा हादसा न हो जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.