चंडीगढ़ में हल्लोमाजरा से जीरकपुर लाइट पॉइंट तक सड़क की सर्विस लेन चौड़ी की जाएगी। इससे इस मार्ग पर आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से और हादसों से राहत मिलने की उम्मीद है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 31 मार्च तक की डेडलाइन तय की है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने वीरवार को रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में यह आदेश दिए। बैठक की अध्यक्षता करते उन्होंने शहर में चल रही सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और ट्रैफिक व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में ट्रैफिक के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) के अलावा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ मिलकर शहर में हो रहे सड़क हादसों, उनके कारणों और रोकथाम के उपायों पर चर्चा की।
सेक्टर-29/30 की विभाजित सड़क पर लगेंगे ग्रिल
सेक्टर-29/30 की विभाजित सड़क पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मीडियन पर ग्रिल लगाए जाएंगे। रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि लोग मीडियन से अवैध रूप से सड़क पार करते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। इस समस्या को देखते हुए मीडियन पर ग्रिल लगाना आवश्यक है। डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों को तय सुरक्षा मानकों के अनुसार कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कदम से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।
पूर्व मार्ग पर साइकिल ट्रैक निर्माण की डेडलाइन तय
डिप्टी कमिश्नर ने गैर-मोटराइज्ड परिवहन को बढ़ावा देने और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए चल रहे बुनियादी ढांचा कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व मार्ग पर बन रहा साइकिल ट्रैक 31 मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि साइकिल ट्रैक का समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। इससे साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित और अलग रास्ता मिलेगा।
चिन्हित घातक दुर्घटना स्थलों पर विशेष चर्चा
सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए बैठक में चिन्हित घातक दुर्घटना स्थलों पर विशेष चर्चा की गई। डीसी ने इन स्थानों पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इनमें सड़क डिजाइन में सुधार, पर्याप्त साइन बोर्ड लगाना, रोड मार्किंग को बेहतर बनाना और ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय शामिल हैं। संबंधित विभागों को इन स्थानों पर शीघ्र कार्रवाई कर दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिक्रमण हटाने और नियमित निगरानी के निर्देश
डिप्टी कमिश्नर ने सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पैदल यात्रियों को भी परेशानी होती है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण पर नियमित निगरानी रखी जाए और जहां भी अतिक्रमण पाया जाए, उसे तुरंत हटाया जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.