चंडीगढ़ में सेक्टर 33 और 45 की डिवाइडिंग रोड को बंद करने को लेकर शुक्रवार को बवाल हो गया। चंडीगढ़ प्रशासन की टीम पूरा सामान, मशीनें लेकर भारी पुलिस बल के साथ सड़क बंद करने पहुंची। इसकी सूचना पर स्थानीय निवासी और एरिया पार्षद कंवर राणा मौके पर पहुंचे और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हो गए। मौके पर पुलिस बल तैनात है। धरने पर आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता भी पहुंची। पार्षद ने कहा जहां लोगों के साथ धक्का किया जाएगा, वो उनके साथ खड़ी होगी क्योकि लोगों ने उन्हे उनकी मुशिकलें हल करने के लिए पार्षद बनाया है। पार्ष बोले- नहीं होने देंगे रोड बंद पार्षद कंवर राणा ने साफ कहा कि यह रोड किसी भी सूरत में बंद नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर लाइटें लगी हैं, सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और हर सुबह हजारों बच्चे स्कूल जाते हैं। इसके अलावा सेक्टर-32 अस्पताल जाने का भी यही अहम रास्ता है। उन्होंने कहा कि अगर यहां किसी को इमरजेंसी हो जाए तो लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पहले निगम अब प्रशासन कर रहा कोशिश कंवर राणा ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी जब यह सड़क नगर निगम के अधीन थी, तब इसे बंद करने का प्रयास किया गया था, लेकिन तब भी इसका विरोध कर इसे रुकवा दिया गया था।
उन्होंने कहा कि अब चंडीगढ़ प्रशासन बिना बताए सुबह-सुबह मशीनें लेकर पहुंच गया और जबरदस्ती सड़क बंद करने की कोशिश कर रहा है। यह पूरी तरह से गलत है। पार्षद ने कहा कि जब तक सड़क बंद करने की कार्रवाई रोकी नहीं जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पूरा इलाके के लोग उनके साथ हैं, क्योंकि इस सड़क के बंद होने से आम लोगों, बच्चों और मरीजों सभी को परेशानी होगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि जो बच्चे पैदल सामने वाले सेक्टर में स्कूल जाते हैं, वे फिर कहां से और कैसे जाएंगे। हाई कोर्ट की याचिका से जुड़े हैं तार मामले की जड़ में कानूनी विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-33 के ही एक निवासी ने इस रोड को बंद करवाने की मांग को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। बताया जा रहा है कि प्रशासन की यह टीम उसी कानूनी प्रक्रिया या अदालती निर्देशों के अनुपालन में सड़क बंद करने पहुंची थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि किसी एक व्यक्ति की याचिका के आधार पर हजारों लोगों की आवाजाही को बाधित करना न्यायोचित नहीं है। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन व प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.