चंडीगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद अधिकारयों के साथ बैठक करते हुए।
चंडीगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद ने की। इसमें प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यह देखा गया कि जनगणना की तैयारी सही तरीके से हो रही है या नहीं।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना बहुत बड़ा काम है, जिसमें हर व्यक्ति और हर घर की जानकारी जुटाई जाती है। इसलिए सभी कर्मचारियों को अच्छी तरह ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि कोई गलती न हो।
दो हिस्सों में होगी जनगणना
सरकार के आदेश के अनुसार जनगणना 2027 दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण में मई 2026 के दौरान घरों की गिनती और मकानों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या की गिनती की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को सही ढंग से पूरा करने के लिए फरवरी से अप्रैल 2026 तक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चंडीगढ़ को 10 हिस्सों में बांटा गया
जनगणना के काम के लिए चंडीगढ़ को 10 हिस्सों (चार्ज) में बांटा गया है। हर हिस्से की जिम्मेदारी एक अधिकारी को दी गई है, ताकि काम ठीक से हो सके। करीब 2800 कर्मचारी इस काम में लगाए जाएंगे।
इस बार जनगणना मोबाइल ऐप और ऑनलाइन सिस्टम के जरिए की जाएगी। इससे काम तेजी से होगा और रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
बैठक के आखिर में अधिकारियों को कहा गया कि वे आपस में मिलकर काम करें और समय-समय पर तैयारी की समीक्षा करते रहें, ताकि जनगणना का काम बिना रुकावट पूरा हो सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.