चंडीगढ़ में मार्केट कमेटी के पूर्व सचिव मनोज कुमार शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई ने विशेष कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई जांच में पता चला है कि शर्मा और उनकी पत्नी ने वर्ष 2016-17 के दौरान अपनी कमाई से करीब 53.70 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति बनाई। सीबीआई के मुताबिक जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने इस अवधि में करीब 20 लाख रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी, जबकि अपनी पत्नी के नाम पर साढ़े नौ लाख रुपए की होंडा सिटी कार भी ली गई। सीबीआई ने आयकर विभाग से रिकॉर्ड जुटाने के साथ-साथ बैंक खातों की भी जांच की, जिसमें आय और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर सामने आया। रिश्वतखोरी के खुलासे के बाद जांच शुरू यह मामला दो साल पहले मार्केट कमेटी में रिश्वतखोरी के खुलासे के बाद सामने आया था। उस दौरान सीबीआई ने जाल बिछाकर मार्केट कमेटी सचिव के ड्राइवर साबर अली और कर्मचारी राहुल यादव को एक फल विक्रेता से 12 हजार रुपए साप्ताहिक रिश्वत मांगते हुए गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले में तत्कालीन सचिव मनोज कुमार शर्मा की भूमिका का भी आरोप लगाया था। हालांकि रिश्वत मामले की जांच में शर्मा की सीधी भूमिका सामने नहीं आई, इसके बाद सीबीआई ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू की थी। 2016 में एसडीओ पद पर पदोन्नति मिली थी सीबीआई के अनुसार मनोज कुमार शर्मा को वर्ष 2016 में एसडीओ पद पर पदोन्नति मिली थी और बाद में वर्ष 2023 में उन्हें मार्केट कमेटी में सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। इसी आधार पर सीबीआई ने वर्ष 2016 से 2017 के बीच उनकी आय और संपत्ति का विस्तृत रिकॉर्ड खंगाला। जांच में निकला कि आरोपी और उनकी पत्नी ने इस दौरान अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की। इसके बाद सीबीआई ने मामला दर्ज कर अब कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब मामले में कोर्ट में नियमित सुनवाई चलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.