चंडीगढ़ में गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के साथ-साथ जीआरपी पुलिस भी पूरी तरह सतर्क मोड पर है। शहर के प्रमुख इलाकों के अलावा रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस द्वारा आने-जाने वाले यात्रियों, उनके सामान और प्लेटफॉर्म एरिया की गहन जांच की जा रही है। इस दौरान जिन लोगों पर शक हो रहा है, उन्हें मौके पर ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित कर रही हैं कि रेलवे स्टेशन परिसर पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी भी तरह की लापरवाही न हो। डॉग स्क्वायड भी रही साथ चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जीआरपी पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी तैनात की गई है। डॉग स्क्वायड के जरिए प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, ट्रेनों और लगेज की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के अलग-अलग एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर नाकाबंदी की है। मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और शरारती लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। शकी व्यक्ति देखे तो पुलिस को बताए पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 26 जनवरी को देखते हुए सुरक्षा में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.