Chamba Ration Depot News: हिमाचल प्रदेश में सरकारी राशन की सप्लाई पर सवाल उठ रहे हैं. यहां पर भरमौर में चावल में सफेद कीड़े निकले हैं. उपभोक्ता ने बीते शनिवार को ही डिपो से चावल की बोरी खरीदी थी, जिसमें की कीड़े निकले हैं. फिलहाल, वीडियो सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं.
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि राशन डिपो से वितरित किए जा रहे चावल में बड़ी संख्या में कीड़े मौजूद हैं. हैरानी की बात यह है कि इन दिनों भरमौर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और ऐसे मौसम में अनाज में कीड़ों का पाया जाना बेहद असामान्य माना जाता है. इसके बावजूद चावल में बड़े-बड़े कीड़े दिखना यह दर्शाता है कि या तो अनाज लंबे समय से खराब हालात में पड़ा रहा या फिर भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई है.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि डिपो में समय पर राशन न मिलना पहले से ही एक बड़ी समस्या बनी हुई है. वहीं अब कीड़े लगा चावल मिलने से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस तरह का राशन खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है.
इसी साल की सप्लाई का राशन
जिस बोरी में उपभोक्ता को चावल दिए गए हैं, उस पर साल 2024-25 की तिथि लिखी गई है. शनिवार को रिशु कुमार ने यह राशन लिया था और घर जाकर देखा तो चावलों में सफेद कीड़े रेंगते नजर आए. उन्होंने इसकी वीडियो भी बनाई थी. उन्होंने कहा कि कीड़े वाले चावल खाना तो छोड़िये देख भी नहीं सकते हैं. रिशु ने कहा है कि जनजातीय क्षेत्र होने के बावजूद यहां की जनता को घटिया और खराब राशन दिया जाना बेहद चिंताजनक है. गौरतलब है कि सर्दियों में भऱमौर में लोगों को ठंड के चलते पहले ही कोटे का राशन मिल जाता है.उधऱ, कार्यवाहक एडीएम भरमौर केशव राम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. उधर, ग्रामीणों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से मामले की तुरंत उच्च स्तरीय जांच करवाने, दोषी अधिकारियों और डिपो संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और खराब राशन को तत्काल वापस लेने की मांग की है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.