जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री व तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी रूबिया सईद के अपहरण के 36 साल पुराने मामले में सीबीआई ने एक आरोपी शफात अहमद शांगलू को सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। शफात पर अपहरण की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
वह श्रीनगर के इशबर निशात इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि शफात प्रतिबंधित आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक का करीबी और भरोसेमंद है। सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर शफात को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार वह जेकेएलएफ का पदाधिकारी था और वित्त प्रबंधन का काम करता था।
रूबिया का आठ दिसंबर 1989 को जेकेएलएफ के आतंकियों ने अपहरण कर लिया था। रूबिया को आतंकियों के चंगुल से छुड़ाने के एवज में अपहरण के पांच दिन बाद केंद्र की तत्कालीन वीपी सिंह सरकार को पांच आतंकियों को रिहा करना पड़ा था। फिलहाल रूबिया तमिलनाडु में रहती हैं और इस केस में सीबीआई की गवाह भी हैं। मामले को सीबीआई ने 1990 की शुरुआत में अपने हाथ में लिया था। अपहरण का मुख्य आरोपी यासीन फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।
आतंकी फंडिंग मामले में एनआईए की विशेष अदालत उसे सजा सुना चुकी है। बता दें कि रूबिया ने अपहरण में शामिल यासीन व चार अन्य आरोपियों की पहचान की थी। विशेष टाडा अदालत पहले ही यासीन और नौ अन्य के खिलाफ आरोप तय कर चुकी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.