जगरांव के डल्ला रोड पर देर रात एक दर्दनाक हादसे में कार में आग लगने से कार सवार व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई।
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डल्ला रोड पर एक कार में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और कार के अंदर मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक का शव बुरी तरह जल चुका है, जिससे उसकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। चर्चा है कि कार किसी से टकराकर पलट गई थी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। पलटने के कारण चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे वह कार में ही फंसकर जिंदा जल गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.