मृतक छात्र अरमान चौहान का फाइल फोटो।
कनाडा के ओंटारियो प्रांत में एक सड़क हादसे में पंजाब के मोहाली जिले की लालड़ू मंडी निवासी 22 वर्षीय छात्र अरमान चौहान की मौत हो गई। यह घटना 5 जनवरी को ओंटारियो के हाईवे-401 पर क्रामेह टाउनशिप के पास हुई। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है,
पुलिस के अनुसार, अरमान अपने एक दोस्त के साथ मॉन्ट्रियल से टोरंटो की ओर जा रहा था। हालांकि, हादसे के समय अरमान के पैदल चलने की बात सामने आई है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह व्यस्त हाईवे पर पैदल किन परिस्थितियों में पहुंचा। जांच एजेंसियां इसी बिंदू को लेकर असमंजस में हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे की पश्चिमी लेन में एक कार ने एक पैदल यात्री को टक्कर मारी है। मौके पर पहुंची पुलिस को मीडियन के पास एक कार खड़ी मिली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अरमान की जान उसी कार की टक्कर से गई या किसी अन्य वाहन की चपेट में आने से। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और डैशकैम फुटेज के जरिए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हादसे के बाद आपातकालीन सेवाओं ने तत्काल सहायता पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक अरमान की मौत हो चुकी थी। इस घटना की खबर मिलते ही लालड़ू मंडी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अरमान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पढ़ाई के लिए कनाडा गया हुआ था।
परिवार ने हादसे की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। मृतक का शव भारत लाने के लिए परिजनों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ओपीपी ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और डैशकैम फुटेज रखने वालों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.