भास्कर न्यूज| जालंधर युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत मंगलवार दोपहर गांव जमशेर में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर के अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। कमिश्नरेट पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार कार्रवाई गांव जमशेर के रहने वाले नशा तस्कर जेमस के मकान पर की गई। अधिकारियों के मुताबिक जेमस पर एनडीपीएस एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले साल जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जेमस की मौत के बाद भी यह अवैध कारोबार बंद नहीं हुआ। उसकी पत्नी सत्या ने इस धंधे को जारी रखा और नशे की तस्करी में सक्रिय रही। पुलिस ने कुछ समय पहले उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि गांव की पंचायत ने प्रशासन को शिकायत दी थी कि पंचायत की जमीन पर अवैध तरीके से निर्माण किया गया है। यह जमीन गांव जमशेर छप्पर की बताई जा रही है, जिस पर कब्जा कर मकान का हिस्सा बनाया गया था। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के दौरान अवैध निर्माण की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया गया। नियमों की अनदेखी होने पर आखिरकार नगर निगम ने अवैध निर्माण को गिराने का फैसला लिया। जमीन को खाली करवाकर पंचायत के हवाले कर दिया गया। एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.