बिहार के सुपौल जिले में बुधवार रात एक शादी समारोह उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दुल्हन ने नशे की हालत में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। करीब 150 किलोमीटर का सफर तय कर दुल्हन के दरवाजे तक पहुंची बारात को आखिरकार बिना शादी के ही लौटना पड़ा। यह घटना सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र की है।
घटना के अनुसार, बुधवार की रात त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरजावा पंचायत के वार्ड संख्या 15 ठाकुर टोला में विवाह समारोह आयोजित था। कटिहार जिले के फलका निवासी विलाश ठाकुर के पुत्र राजेश कुमार की बारात स्वर्गीय विजेंद्र ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी से विवाह के लिए पहुंची थी। बारातियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और शादी की शुरुआती रस्में सामान्य रूप से संपन्न हुईं।
तालियों की गूंज के बीच वरमाला की रस्म भी पूरी कराई गई। लेकिन जैसे ही दूल्हे को मंडप में बैठाया गया, उसकी लड़खड़ाती चाल, असंतुलित व्यवहार और अजीब हरकतों से यह स्पष्ट हो गया कि वह नशे की हालत में है। दूल्हे की यह स्थिति देखकर दुल्हन नेहा कुमारी, उसके परिजन, पुरोहित और मौके पर मौजूद ग्रामीण स्तब्ध रह गए।
हालात को भांपते हुए दुल्हन ने बिना किसी दबाव में आए साहसिक निर्णय लिया और शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद वह मंडप छोड़कर चली गई। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और उत्सव कुछ ही पलों में हंगामे में बदल गया। दुल्हन के इनकार के बाद अधिकांश बाराती मौके से खिसक गए, लेकिन दूल्हा, उसका पिता और वाहन ग्रामीणों के बीच घिर गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। ग्रामीणों ने दूल्हे के पिता को घेर लिया और उपहार में दी गई रकम वापस करने की मांग की।
ये भी पढ़ें: बोधगया के कालचक्र मैदान में तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव का उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री हुए शामिल
आखिरकार गुरुवार की शाम दूल्हे के परिजनों द्वारा उपहार में मिली राशि लौटाए जाने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हे और उसके पिता को वहां से विदा किया। ग्रामीणों का कहना है कि दुल्हन ने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए साहसिक कदम उठाया है। नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर उसने महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। हैरानी की बात यह रही कि इतने बड़े घटनाक्रम की सूचना स्थानीय पुलिस तक नहीं पहुंची। फिलहाल यह अजीबोगरीब घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.