अलवर में लगातार चार दिन तक घना कोहरा छाए रहने के बाद शुक्रवार को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूरज के दर्शन नहीं हो सके। शुक्रवार सुबह से ही शीतलहर चलने से ठिठुरन और कंपकंपी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अलवर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। बादल छाए रहने के चलते हल्की बूंदाबांदी होने का भी अनुमान जताया जा रहा है। मौसम के जानकारों का कहना है कि यह हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का दौर है।
असल में बीते चार दिनों से जिले में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण सूरज नहीं निकल पाया और दिनभर गलन बनी रही। शुक्रवार को कोहरा तो नहीं रहा, लेकिन बादलों और तेज शीतलहर के कारण सर्दी का असर और तेज महसूस किया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए।
वहीं फसलों की स्थिति फिलहाल संतोषजनक बनी हुई है। खेतों में ओस की परत जरूर जम रही है, लेकिन अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने शनिवार को जिले और शहर में फिर से घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही सर्दी के और तेज होने तथा तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.