कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट से खलझूनी को जा रहा बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बोलेरो संख्या यूके 02टीए 3078 भराड़ी से यात्रियों को लेकर वाहन खलझूनी के लिए रवाना हुआ था। वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। रिखाड़ी के पास बाबे बैंड के पास करीब 4:30 बजे वाहन अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। गांसी निवासी पंकज टाकुली ने मुनार निवासी उत्तम सिंह, खीम सिंह, महिपाल सिंह, राजेंद्र सिंह और पुलिस को वाहन गिरने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ मनीष शर्मा, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी समेत कपकोट पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, 112 और 108 सेवा की एंबुलेंस मौके की तरफ रवाना हुई।
इसी दौरान बद्री गोस्वामी, राजेंद्र टाकुली, हुकम राम, नवीन भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि हादसे के मृतक और घायल सभी लोग खलझूनी गांव के रहने वाले हैं। हादसे में पानुली देवी उर्फ परूली देवी (60) पत्नी प्रतापरम, सुपुली देवी (68) पत्नी नरपतराम की मौत हो गई। वाहन चालक दीपक राम (31) पुत्र नैन राम, नीमा देवी (32) पत्नी दीपक राम, प्रेमा देवी (45) पत्नी हरीश राम, यशोदा देवी (38) पत्नी रमी राम, कमल चौड़िया (38) पुत्र शेर सिंह घायल हैं। मृतकों के शव और घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सीएचसी कपकोट लाया गया। मृतकों के शवों को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
कोट
हादसे में दीपक और प्रेमा गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे वाली जगह पर सड़क पर्याप्त चौड़ी थी। पैरापिट भी बने थे। चालक के अनुसार वाहन मोड़ते समय स्टेयरिंग जाम हो गया था। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। – मनीष शर्मा, सीओ, कपकोट
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.