भवनाथपुर–केतार मुख्य सड़क पर स्थित असनाबांध यात्री शेड में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की नहीं हो सकी पहचान
शव के पास से खून के धब्बे मिले हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि युवक के सिर में गोली मारी गई है। इधर, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह यात्री शेड के पास शव पड़े होने की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्रनारायण सिंह, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, केदार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, एस आई परवेज आलम सहित पुलिस जवान उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.