प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को कायड़ विश्राम स्थली पर प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने अजमेर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। भाजपा जिला अजमेर शहर की ओर से प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कायड़ सभा स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की जनसभा ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ये भी पढ़ें: दिखावा न शोर-शराबा: अलवर में IAS अफसरों ने रचाई सादगीभरी शादी, बिना तामझाम के मिनी सचिवालय में लिए सात फेरे
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान से विशेष लगाव है और जब भी वे प्रदेश में आते हैं, विकास की बड़ी सौगात देते हैं। उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा में एटॉमिक पावर प्लांट का शिलान्यास, बीकानेर में मृदा प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना और जयपुर में ईआरसीपी राम जल सेतु लिंक परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार के बजट से आम जनता को व्यापक लाभ मिला है। आगामी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन के साथ ही कई नई घोषणाएं भी करेंगे तथा युवाओं को रोजगार से जुड़े नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर जिले का चयन किया जाना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। वहीं जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और सभी कार्यकर्ता इस आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना, नाहर सिंह जोधा, मुकेश दाधीच, अजमेर शहर सहप्रभारी शिवांगी कानावत सहित जिला महामंत्री राजेश घाटे, राजेश शर्मा, रविंद्र सिंह जादौन, सतीश बंसल, योगेश शर्मा, रजनीश चौहान, चंद्रेश सांखला, विक्रम सिंह, संदीप गोयल, दीपक शर्मा, सर्वेश बजाज, दिलावर चौहान, शमशेर सिंह, हितेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.