बीजापुर जिले के गंगालूर गांव में एक महिला से कथित तौर पर जबरन मकान खाली कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता अवनी कन्नम ने आरोप लगाया है कि गुरुवार (8 जनवरी) दोपहर भाजपा नेता राजू कलमू और उनके 10-12 साथियों ने दबाव बनाकर उनका मकान खाली करा दिया।
.
इस संबंध में पीड़िता ने गंगालूर थाने में लिखित शिकायत दी है। जिसके मुताबिक, आरोपियों ने घर का सामान सड़क पर फेंक दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट की गई तथा गाली-गलौच करते हुए जबरन सामान बाहर निकाला गया। वहीं, इन आरोपों को BJP नेता ने निराधार बताया है।
भाजपा नेता राजू कलमू पर एक महिला को घर से बाहर निकालने का आरोप लगा है।
जबरदस्ती कर सामान निकालने का आरोप
महिला ने ये भी शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति के गैरहाजिरी में ये घटना हुई। घर में रखा पैसा, सोना-चांदी, सामान सब फेंका गया। मना करने पर रुके नहीं बल्कि जबरदस्ती सारा सामान घर से बाहर निकाल दिया।

घर के बाहर रखा था सारा सामान।
विधायक मंडावी ने गुंडागर्दी करने का लगाया आरोप
इस घटना पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। विधायक मंडावी ने इसे लोकतांत्रिक देश में अक्षम्य कृत्य बताया।

सामान निकालने के बाद ताला लगा दिया गया।
BJP नेता बोले- मकान किराए का था
दूसरी ओर, भाजपा नेता राजू कलमू ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह मकान किराए का था, जिसे मकान मालिक सुकलू हेमला खाली कराना चाहते थे।
कलमू के अनुसार, वे केवल मकान खाली कराने के दौरान वहां मौजूद थे और घटना में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है।
फिलहाल, पुलिस और राजस्व अमला ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। गंगालूर थानाप्रभारी गिरीश तिवारी ने पुष्टि की है कि महिला ने शिकायत पत्र दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.