IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच बॉयकॉट को लेकर बिलासपुर में क्रिकेट प्रेमियों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. लोगों का कहना है कि भारत की मजबूत टीम और शानदार प्रदर्शन से डरकर पाकिस्तान ने यह फैसला लिया है. क्रिकेट फैंस ने इसे खेल भावना के खिलाफ और कायरता का प्रतीक बताया.
क्रिकेट प्रेमी जय नामदेव ने कहा कि वे 1990 से क्रिकेट देख रहे हैं और उनके अनुभव के मुताबिक पाकिस्तान कहीं से भी भारत को टक्कर देने की स्थिति में नहीं है. भारत से लगातार हार के कारण पाकिस्तान डर चुका है. न तो पाकिस्तान ने एशिया कप में कोई खास उपलब्धि हासिल की और न ही वर्ल्ड कप में. इसी डर के कारण उसने बॉयकॉट का रास्ता चुना है. उन्होंने कहा कि भारत के मैच देखने के लिए ही दर्शक स्टेडियम पहुंचते हैं, पाकिस्तान के मैच देखने कोई नहीं आता. भारत के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन शानदार है, इससे पाकिस्तान और ज्यादा घबराया हुआ है.
पाकिस्तान हमेशा से डरता आया है: राहुल आंचल
राहुल आंचल ने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत से डरता आया है, चाहे वह युद्ध की रणभूमि हो या क्रिकेट का मैदान. उन्होंने कहा कि जिस तरह अभिषेक शर्मा ने हाल ही में अच्छा किया है, अगर वही प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ होता तो भारत 300 से ज्यादा रन बना देता. इसी डर से पाकिस्तान मैदान छोड़कर भाग रहा है. उन्होंने कहा कि T20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच से भागना कायरता का प्रतीक है.
हार से बचने के लिए भाग रहा पाकिस्तान: संजू नामदेव
संजू नामदेव ने कहा कि पाकिस्तान की आदत रही है कि हार सामने दिखते ही वह पीछे हट जाता है. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों से पाकिस्तान की टीम बुरी तरह डरी हुई है. अपनी हार और संभावित बेइज्जती को बर्दाश्त न कर पाने के कारण पाकिस्तान मैच छोड़कर भाग रहा है. उन्होंने यहां तक कहा कि भारत में इतना टैलेंट है कि अगर बच्चे भी मैदान में उतर जाएं तो पाकिस्तान की टीम को हरा सकते हैं.
भोला बंजारा ने कहा कि पाकिस्तान पहले से ही जानता है कि उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ेगा, इसलिए उसने बॉयकॉट का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी टीम को मैदान छोड़कर नहीं भागना चाहिए, बल्कि खेल भावना के साथ मुकाबला करना चाहिए. पाकिस्तान का यह कदम उसकी कमजोरी और डर को दर्शाता है.
मैच ना खेलने से पाकिस्तान को होगा नुकसान: पंकज कुर्रे
पंकज कुर्रे ने आर्थिक पहलू पर बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान को भारत के साथ वर्ल्ड कप मैचों से 400 से 500 करोड़ रुपये तक की कमाई होती है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जीडीपी की स्थिति पहले ही कमजोर है और ऐसे में भारत के साथ मैच नहीं खेलने का फैसला आर्थिक रूप से भारी पड़ेगा. उन्होंने इसे मूर्खतापूर्ण निर्णय बताया और कहा कि मैदान छोड़कर भागने से पाकिस्तान को नुकसान ही नुकसान होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.