पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में पूरे प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे ठंड धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है. सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई. फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं हुई है और आने वाले दिनों में भी वर्षा की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया. उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड का असर अभी भी साफ नजर आ रहा है.
पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम से मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है. इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर 145 नॉट की रफ्तार से बह रही है, जिसके कारण तापमान और ठंड की स्थिति में बदलाव देखने को मिल रहा है.
मौसम का आज का पूर्वानुमान
प्रदेश में आज भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. हालांकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है.
राजधानी रायपुर में धुंध का असर
राजधानी रायपुर में 18 जनवरी को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.