Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है और अगले सात दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में शुष्क मौसम रहेगा और वर्षा के कोई संकेत नहीं हैं. दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री रहा. राजधानी रायपुर में हल्की धुंध के साथ मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. जानिए अगले सात दिनों का पूरा वेदर अपडेट और प्रदेश के अलग-अलग जिलों का तापमान हाल.
अगले 7 दिन तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक हफ्ते तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा. न अचानक ठंड बढ़ेगी और न ही गर्मी तेज होगी. तापमान सामान्य दायरे में ही रहेगा. ऐसे में लोगों को फिलहाल मौसम को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है.
प्रदेशभर में मौसम शुष्क, बारिश के आसार नहीं
पूरे प्रदेश में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है. कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अभी कोई सक्रिय साइनॉप्टिक सिस्टम (मौसमी तंत्र) भी नहीं है, जो मौसम में बदलाव ला सके. यही वजह है कि बारिश की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही.
दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर में ठंड का असर
तापमान की बात करें तो दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अंबिकापुर में रात का पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे वहां हल्की ठंड महसूस की गई. इससे साफ है कि दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंडक का मिलाजुला असर बना हुआ है.
रायपुर में हल्की धुंध के आसार
राजधानी रायपुर में 20 फरवरी को सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है. यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में मौसम साफ रहेगा.
फिलहाल कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग ने आज के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. यानी मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा. अगर आप कहीं बाहर जाने या यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो मौसम आपका साथ देता नजर आ रहा है. कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम ‘नो टेंशन’ मोड में है न आंधी, न बारिश, बस सामान्य दिन और हल्की ठंडी रातें.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.