बीकानेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब आठवीं बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली एक नाबालिग बालिका का शव सूनी रोही इलाके में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालिका सोमवार सुबह घर से रणजीतपुरा स्थित परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुई थी। निर्धारित समय तक वह परीक्षा केंद्र नहीं पहुंची, तो शिक्षकों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकले। काफी खोजबीन के बाद सूनी रोही क्षेत्र में उसका शव पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही रणजीतपुरा सीआई चन्द्रजीत सिंह भाटी, गजनेर सीआई राकेश स्वामी सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और जांच टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साइबर सेल और एफएसएल सहित विभिन्न टीमें हर पहलू से जांच में जुटी हैं।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार समझाइश की जा रही है। पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.