वैशाली जिले के महुआ विधानसभा सीट से विधायक एवं बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने महुआ स्थित अपने आवास पर जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में महुआ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के साथ-साथ जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। मंत्री संजय सिंह ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों को तुरंत राहत मिली।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री संजय सिंह ने कहा कि सुशासन की सरकार में जनता की आवाज़ सर्वोपरि है और हर समस्या का समाधान न्यायसंगत तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में बिहार सरकार “न्याय के साथ विकास” के मूल मंत्र पर लगातार आगे बढ़ रही है।
हर वर्ग के लोगों की सहायता करना प्राथमिकता- मंत्री
मंत्री ने कहा कि जनता दरबार उनके लिए केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का सशक्त माध्यम है। जब भी कोई नागरिक अपनी समस्या लेकर उनके पास आता है, तो वे उसे अपनी जिम्मेदारी मानकर पूरी गंभीरता से सुनते हैं। समस्या छोटी हो या बड़ी, सभी का समाधान करना उनका कर्तव्य है। गरीब, मजदूर, किसान, छात्र, महिलाएं और बुजुर्ग-हर वर्ग के लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें- Bihar: महादलित समुदाय की पांच नाबालिग लड़कियों ने एक साथ खाया जहर, चार की तड़प तड़पकर मौत; एक की हालत गंभीर
उन्होंने बताया कि जनता दरबार के माध्यम से वे संबंधित विभागों से तुरंत संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके। मंत्री के संवेदनशील और सक्रिय रवैये से जनता काफी संतुष्ट नजर आई। लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सरकार और जनता के बीच की दूरी कम हो रही है और विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि जनता की खुशी ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा के इस प्रयास को वे आगे भी लगातार जारी रखेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.