कांग्रेस पार्टी ने मीडिया के माध्यम से संगठन की देशव्यापी आवाज को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की है। इस पहल के तहत पार्टी ने राजनीति में प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक युवाओं के लिए ‘नेशनल टैलेंट हंट–मुखर आवाज’ अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत सभी राज्यों में टैलेंट हंट अभियान की लॉन्चिंग की गई है।
बिहार में पटना से अभियान की शुरुआत
इसी कड़ी में बिहार की राजधानी पटना स्थित सदाकत आश्रम में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में ‘नेशनल टैलेंट हंट–मुखर आवाज’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की लॉन्चिंग कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और पार्टी के अन्य प्रदेश स्तरीय नेताओं द्वारा की गई।
प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट बनने का अवसर
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के इस देशव्यापी अभियान के तहत बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पूरे राज्य में नेशनल टैलेंट हंट शुरू किया है। इसका उद्देश्य ऐसे युवाओं की पहचान करना है, जो राजनीति में प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में पार्टी को अपनी सेवाएं देना चाहते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से इच्छुक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक चयन की प्रक्रिया
उन्होंने जानकारी दी कि चयन की प्रक्रिया पहले राज्य स्तर पर होगी। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित युवा अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित नेशनल टैलेंट हंट में भाग लेंगे। अखिल भारतीय स्तर पर चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर और राज्य स्तर पर चयनित युवाओं को राज्य स्तर पर पार्टी की ओर से प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी दी जाएगी। चयनित युवा पे-रोल पर नहीं होंगे, बल्कि यह कार्य स्वैच्छिक रूप से करेंगे। इसके लिए राज्य और प्रमंडल स्तर पर कमिटियां गठित की गई हैं।
राज्य और प्रमंडल स्तर पर कमिटियों का गठन
टैलेंट हंट अभियान के संचालन के लिए राज्य स्तरीय कमिटी में असितनाथ तिवारी को राज्य संयोजक, राजीव मेहता को सह-संयोजक, सौरभ कुमार सिंहा को सोशल मीडिया प्रभारी, लालू सादा को एससी-एसटी प्रतिनिधि, विनीता भगत को महिला प्रतिनिधि, दौलत इमाम को अल्पसंख्यक प्रतिनिधि, करुण पासवान को युवा कांग्रेस प्रतिनिधि और सूरज सिंह यादव को एनएसयूआई प्रतिनिधि बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त खालिद अमीन, सूरज राय और सुरेंद्र यादव को मगध प्रमंडल, दौलत इमाम और अमरजीत राम को पटना प्रमंडल, ईं. कमल कमलेश और चंद्रभूषण राजपूत को दरभंगा प्रमंडल, निखिल कुमार को भागलपुर प्रमंडल, कृपाशंकर शाही और रंजीत यादव को तिरहुत प्रमंडल, स्नेहाशीष वर्द्धन और मनीष पासवान को सारण प्रमंडल, लालू सदा और निशांत करपटने को कोशी प्रमंडल, सत्येंद्र सिंह और करुण पासवान को पूर्णिया प्रमंडल तथा राजीव मेहता और त्रिलोकी मांझी को मुंगेर प्रमंडल का क्षेत्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह समिति राज्यभर में प्रतिभाओं की खोज, चयन और आयोजन के प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, एक माह में चयन का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि टैलेंट हंट में शामिल होने के लिए राज्यभर के युवाओं से आवेदन लेना शुरू कर दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विशेषज्ञों की कमिटी द्वारा साक्षात्कार और ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से चयन किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मगध प्रमंडल के समन्वयकों ने जताया आभार
इस दौरान औरंगाबाद के जिला पार्षद सुरेंद्र यादव और पार्टी के युवा नेता सूरज कुमार राय ने मगध प्रमंडल का क्षेत्रीय समन्वयक बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से औरंगाबाद के कांग्रेसजनों में उत्साह का संचार हुआ है और वे दी गई जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरे उतरने का प्रयास करेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.