मधेपुरा शहर के वार्ड संख्या दो स्थित कौशल्यानगर में रविवार दोपहर रास्ते के विवाद में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान वार्ड दो निवासी आदित्य राज की पत्नी गुंजन कुमारी (21) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पति आदित्य राज ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले अपनी निजी जमीन से लगभग 100 मीटर लंबा रास्ता पड़ोसी को आने-जाने के लिए दिया था। इसी रास्ते को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। आरोप है कि पड़ोसी का बेटा बलकरण यादव उर्फ विजय कुमार नशे का आदी है और अपने दोस्तों के साथ रास्ते से गुजरते समय अक्सर गाली-गलौज करता था।
आदित्य राज ने बताया कि रविवार की सुबह उनकी मां ने आरोपी के पिता से इस संबंध में शिकायत की थी और बेटे को समझाने की बात कही थी। इसी से नाराज होकर आरोपी युवक गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतर आया। जब आदित्य के छोटे भाई ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ती देख परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर चले गए।
हथियार लेकर पहुंचे दोस्त ने की फायरिंग
इसी दौरान आरोपी बलकरण यादव का दोस्त, गढ़िया निवासी राजेश यादव हथियार लेकर मौके पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे गुंजन कुमारी के सीने में लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे डेढ़ साल का एक बेटा छोड़ गई है।
पढे़ं: मुंगेर में भवन निर्माण विभाग कर्मी की मौत, NH-333 किनारे नाले में मिला शव; परिजन बेसुध
पांच दिन पहले भी हुआ था विवाद
मृतका के देवर हरिशंकर कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर को आरोपी का पिता मधेपुरा आया था। उस समय उनकी मां ने शिकायत की थी कि आरोपी युवक नशे की हालत में उनके आंगन से होकर आता-जाता है और किराए पर रहने वाली लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता है। इस मामले को लेकर डायल 112 पर कॉल भी किया गया था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी युवक फरार हो गया था।
हरिशंकर कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह एक बार फिर आरोपी पक्ष ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर राजेश यादव ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें गुंजन कुमारी को गोली लग गई। परिजनों का आरोप है कि इस घटना में सात से आठ लोग शामिल थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस एसआई लक्ष्मीनारायण महतो के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि रास्ते के विवाद में गुंजन कुमारी की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.