जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुई रोड पर मंगलवार की देर संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कुशवाहा भवन के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान सिकंदरा–जमुई रोड निवासी 50 वर्षीय सुधीर महतो, पिता दिवंगत मिश्री महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुधीर महतो सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुधीर महतो सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उठाया और नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। हालांकि इलाज के दौरान कुछ ही घंटों में उनकी हालत बिगड़ती चली गई और देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां रो-रो कर उनका बुरा हाल हो गया। बुधवार की सुबह सिकंदरा पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह और उप मुख्य पार्षद सूर्यनयन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सिकंदरा थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल सुधीर महतो की इलाज के दौरान मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोषी चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.