बिहार के सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कनरिया थाना क्षेत्र के बेलवारा पंचायत अंतर्गत फहरेबा मुसहरी (वार्ड संख्या–4) में चार जिगरी दोस्तों ने एक साथ कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहर का असर होते ही चारों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण चारों को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही राजा कुमार (20) और सन्नीदेवल कुमार (18) ने दम तोड़ दिया। वहीं, मुरारी कुमार (18) और सनोज कुमार (18) की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को पड़ोसी जिले खगड़िया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन में मचा हड़कंप, फॉरेंसिक टीम मौके पर
एक साथ चार युवकों द्वारा जहर खाने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हिमांशु दलबल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक?
एसपी हिमांशु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार युवकों द्वारा कीटनाशक सेवन की सूचना मिली थी। इसमें दो युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि दो का इलाज चल रहा है। एफएसएल टीम और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवाओं ने यह कदम किन कारणों से उठाया।
गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद फहरेबा मुसहरी गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि आखिर हंसते-खेलते चार दोस्त इस हद तक क्यों पहुंचे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.