जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के धमना गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव की एक युवती अपने प्रेमी अमित कुमार के साथ घर से भागकर मंदिर में विवाह कर लिया। शादी के बाद युवती ने एक वीडियो जारी कर अपने विवाह की जानकारी सार्वजनिक की, जो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में युवती ने स्पष्ट किया कि उसने यह विवाह अपनी मर्जी से किया है और इस फैसले में उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था। साथ ही उसने अपने परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे उसे बेवजह परेशान कर रहे हैं। युवती ने दावा किया कि उसे और उसके पति अमित कुमार को परिवार वालों से जान का खतरा है।
युवती ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि उसके या उसके पति के साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो इसके लिए उसके परिजन ही जिम्मेदार होंगे। वीडियो सामने आने के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल बन गया है और मामला संवेदनशील हो गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग युवती के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar News : दरभंगा में पुलिस पर पथराव, जवाब में लाठीचार्ज; किस वारदात के बाद गुस्से में लोग?
जानें पुलिस ने क्या बताया?
मामला सामने आने के बाद झाझा थाना पुलिस ने वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की पूरी जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि युवती या उसके पति की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस फिलहाल पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है और गांव की स्थिति पर भी निगरानी रखी जा रही है। प्रेम विवाह, पारिवारिक विरोध और सुरक्षा से जुड़े आरोपों के चलते यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.