बिहार के जमुई जिले में माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। कटौना के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गरसंडा गांव से सिमरिया घाट के लिए निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, गरसंडा गांव से आठ लोग एक ई-रिक्शा पर सवार होकर बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट में गंगा स्नान के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान कटौना के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।
घटनास्थल पर एक महिला की मौत
हादसा इतना भीषण था कि गरसंडा गांव निवासी 50 वर्षीय चंचली देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इस हादसे में दुखनी देवी (60), दया देवी (60), कारी देवी (60), सजनी देवी (35), मंजू देवी (45) और ई-रिक्शा चालक पिंटू तांती (26) सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया गया।
पढ़ें- Bihar News: मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के बाद लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत, टोटो चालक फरार
ई-रिक्शा चालक की हालत नाजुक
डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक पिंटू तांती की स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल जमुई में जारी है। घायल दया देवी ने बताया कि वे सभी रविवार सुबह गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.