जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरबाटाड़ चौक स्थित महादलित बस्ती मूसहरी इलाके में सोमवार को एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव देखे जाने की खबर आग की तरह फैली और कुछ ही देर में घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल देखा गया। मृतका की पहचान संजय रविदास की पत्नी के रूप में की गई है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, महिला रविवार से ही घर से लापता थी। परिजनों और रिश्तेदारों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार की सुबह मूसहरी इलाके के पास महिला का शव मिलने की सूचना मिली, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। सिर और अन्य हिस्सों पर जख्म देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
पढ़ें- Bihar News: ड्यूटी पर जाते समय दर्दनाक हादसा, ट्रेन से कट कर मजदूर की मौके पर मौत; मची अफरातफरी
घटना की सूचना मिलते ही गरही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही मृतका के परिजनों को भी पूरी जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। महादलित बस्ती में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.