बोधगया में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। कर्नाटक निवासी असंग भूटिया पर्यटक सीजन के दौरान फास्ट फूड बेचकर जीवनयापन करता था और बोधगया के महारानी रोड स्थित पच्छट्टी मोहल्ले में किराए के कमरे में रह रहा था।
दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को दी गई सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात काफी समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मकान मालिक आशीष यादव ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस की मौजूदगी में खुला कमरा
पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां असंग भूटिया मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की उम्र करीब 51 वर्ष बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
पुलिस ने मृतक के परिजनों और नजदीकी परिचितों को घटना की जानकारी दे दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.