सहरसा मंडल कारा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन का दावा है कि कैदी ने खाने के लिए दी गई थाली की धार से अपना गला रेतकर आत्महत्या कर ली, जबकि मृतक के परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के लालगंज बारा गांव निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। जेल अधीक्षक निरंजन पंडित ने बताया कि रविवार दोपहर भोजन के दौरान सुनील ने अपनी थाली से गला रेत लिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: सहरसा में इंटर छात्र ने लॉज में लगाई फांसी, सुपौल का रहने वाला था युवक; मोबाइल चैट खंगाल रही पुलिस
सुनील कुमार मार्च 2024 से सहरसा मंडल कारा में बंद था। उस पर गांव की एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक के बड़े भाई पिंटू कुमार ने कहा कि उनके भाई को साजिश के तहत फंसाया गया था और जेल में उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
इधर, सूचना मिलने पर सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में ले लिया गया है। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पंचनामा किया गया है तथा मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.