भोजपुर में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्य निषेध रजनीश के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दो वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मौके से एक तस्कर की गिरफ्तारी हुई है। टीम ने वाहन जांच के दौरान एक पिकअप को रोका। डाले में बने गुप्त तहखाने से 402.840 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा एक कार से 86.400 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इस तरह कुल 489.240 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नया टीका बरियारपुर निवासी गुड्डू कुमार के तौर पर हुई है। यूपी से लाई जा रही थी खेप जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपए है। जांच में सामने आया है कि यह शराब उत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही थी। छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक रवि कुमार सहित मद्य निषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.