सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र अंतर्गत मनार गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिना अनुमति घोरपरास (जंगली जानवर) को गोली मारने के दौरान चली गोली एक चार वर्षीय मासूम के पेट में जा लगी। इस सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र, फिर सदर अस्पताल और अंततः बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
घायल बच्चे की पहचान मनार गांव निवासी अनिल यादव के चार वर्षीय पुत्र स्वीकृत यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्चा घर के सामने खेल रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। घायल बच्चे की मां रूबी देवी ने आरोप लगाया कि चार युवक हाथों में राइफल लेकर घर के पास पहुंचे थे और घोरपरास को गोली मारने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोपी युवक नहीं माने।
रूबी देवी के अनुसार, कुछ ही देर बाद उनके बेटे के तेज रोने की आवाज सुनाई दी। जब वे दौड़कर मौके पर पहुंचीं तो देखा कि स्वीकृत के पेट से खून बह रहा था और वह जमीन पर गिरा पड़ा था। घबराई मां ने मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अन्य लोगों की मदद से वह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया।
पढे़ं; सड़क विवाद में चाकूबाजी का मामला, युवक की हत्या का मुख्य आरोपी राजीव कुमार राय गिरफ्तार
शोर सुनकर परिजन और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल बच्चे को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया। फिलहाल बच्चा पटना में इलाजरत है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। बच्चे की मां के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने अवैध हथियारों के इस्तेमाल और बिना अनुमति शिकार जैसी गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.