भोपाल में 7 जनवरी को लापता हुई 23 वर्षीय प्रिया उर्फ प्रियंका मेहरा की संदिग्ध मौत के मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने पर वे भड़क उठे और युवती के दोस्त तुषार कपिल पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि तुषार पिछले एक साल से प्रियंका को प्रताड़ित कर रहा था और घटना के तुरंत बाद अस्पताल से फरार होना उसकी संलिप्तता पर सवाल खड़ा करता है।
परिवार का आरोप है कि प्रिया घर से कॉलेज जाने निकली थी लेकिन तुषार उसे कॉलेज के बाहर से जबरन अपने साथ चूनाभट्टी स्थित पारिका सोसाइटी ले गया, जहां उसके साथ मारपीट कर हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि प्रियंका के शरीर पर मिले चोटों के निशान छत से गिरने जैसी घटना से मेल नहीं खाते, इसलिए यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: गोमांस निकला जब्त किया गया 26 टन मांस, हिंदू संगठनों ने नगर निगम और स्लॉटर हाउस पर उठाए सवाल
गुरुवार दोपहर परिजन प्रियंका का शव लेकर नर्मदापुरम रोड स्थित दानिश चौराहे पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि तुषार की तलाश की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
ये है मामला
बुधवार को प्रियंका सुबह कॉलेज के लिए घर से निकली थी। दोपहर बाद उसका दोस्त तुषार कपिल उसे गंभीर हालत में जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसी दौरान तुषार अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना चूनाभट्टी थाना पुलिस को दी और शव को हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और तुषार की तलाश जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.