राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सात साल की मासूम के साथ बंधक बनाकर दरिंदगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पार्क में खेल रही मासूम को मोबाइल फोन में कार्टून दिखाने का लालच देकर अपने कमरे में ले गया और वहां बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने दरिंदगी करने से पहले मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो भी देखे थे। दरिंदगी करने के बाद आरोपी ने पीड़ित मासूम को टॉफी का लालच देकर उसे घर से भगा दिया।
दरिंदगी का शिकार मासूम जब अपने घर पहुंची तो मां को पूरी बात बताई। मां ने आपबीती सुनने के बाद पड़ोसियों को पूरा घटनाक्रम बताया। इसी बीच बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को घटना की जानकारी मिल गई। वे मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, दुष्कर्म और बंधक बनाने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें-जगदगुरु राघवाचार्य के विरुद्ध परिवाद पर नये सिरे से होगी सुनवाई, जेएमएफसी का आदेश निरस्त
आरोपी की पहचान नरेन्द्र राजपूत के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता है और पास में ही किराये का कमरा लेकर रहता है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद भीड़ देर रात थाने पहुंच गई। दरिंदे को आम जनता को सौंपने की मांग की गई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बच्ची पार्क में अकेली खेल रही थी। बच्ची को अकेला देखकर उसकी नीयत खराब हो गई और उसे कार्टून दिखाने का लालच देकर अपने कमरे में ले गया था।