मध्य प्रदेश की लेटेस्ट खबरें
भोपाल के लिए 4 अवकाश घोषित
मध्य प्रदेश शासन ने भोपाल के लिए 4 स्थानीय अवकाश घोषित किए. 14 जनवरी मकर संक्रांति पर भोपाल में लोकल हॉलिडे रहेगा. 25 सितंबर अनंत चतुर्दशी के दिन भी भोपाल में अवकाश घोषित किया गया है. 19 अक्टूबर महानवमी पर सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. वहीं 3 दिसंबर भोपाल गैस त्रासदी बरसी दिवस पर केवल भोपाल में छुट्टी रहेगी.
भोपाल गोमांस मामले पर बोले मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी- मिसाल कार्रवाई करेंगे
मध्य प्रदेश के धर्म, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी कुछ देर पहले खंडवा पहुंचे. भोपाल के गोमांस मामले पर उन्होंने कहा कि जो भी आरोपी हैं, उनपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस प्रकार का कृत्य करने वालों पर ऐसी कार्रवाई करेंगे, जो आने वाले समय में मिसाल बनेगी. भोपाल का जो मामला सामने आया है, वो निंदनीय है. इस प्रकार के अपराध मोहन यादव की सरकार में अक्षम्य हैं. मंत्री ने कहा कि मोहन यादव की सरकार गौ पालक सरकार है. कठोर से कठोर कार्रवाई करने का काम हमारी सरकार करेगी. ये विधर्मी लोग हैं, इनके अंदर मानवता खत्म हो चुकी है. एमपी में तीन बच्चों वाले मामले पर मंत्री ने कहा कि जो आंकड़े सामने आए हैं, उसमें हिंदुओं की संख्या घट रही है. सरकार प्रयास करेगी कि हिंदुओं की संख्या का संतुलन बना रहे. बताते चलें कि वह वीबी जी राम जी योजना को लेकर सरकार का पक्ष रखने के लिए खंडवा आए हैं.
मुख्यमंत्री मोहन यादव का इतिहास कमजोर: पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा
मध्य प्रदेश में गांधी परिवार को लेकर सियासत गरमाई. पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव का इतिहास कमजोर है. वह केवल भूगोल-जमीन के मामले में मजबूत हैं. मोहन यादव के बयान पर हमें ज्यादा कुछ नहीं बोलना है. ये लोग गांधी का नाम मिटाने का काम कर रहे हैं. क्या इनके पुरखों ने देश के लिए कुछ करने का काम किया. इमोशनल ब्लैकमेल करने के लिए राम के नाम का इस्तेमाल करते हैं. गांधी का नाम मिटाना चाहते हैं. इतनी योजनाएं हैं, उनका नाम जी राम जी रख दो. हमें राम के नाम से कोई आपत्ति नहीं है.
ग्वालियर में देर रात बदमाशों का आतंक, 20 से ज्यादा गाड़ियों को बनाया निशाना
ग्वालियर में बदमाशों का आतंक देखने को मिला है. देर रात किला गेट थाना क्षेत्र के सेवा नगर, किला गेट रोड इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की. करीब 20 से अधिक वाहनों को निशाना बनाया गया, जिनमें कार और दोपहिया वाहन शामिल हैं. अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. तोड़फोड़ के बाद करीब 12 वाहन मालिक थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश बाइक से आते-जाते नजर आ रहे हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है.
जबलपुर जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जबलपुर जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के 200 से अधिक प्लॉट काटकर बेचने के मामले में चार कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. यह कार्रवाई पनागर तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है. मामला अधारताल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कॉलोनाइजरों ने नियमों को ताक पर रखकर जमीन की प्लॉटिंग कर दी और लोगों को बेच दिया. शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
इंदौर में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भांडा फोड़
इंदौर में नकली पान मसाला बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. यह फैक्ट्री शहर के रिहायशी इलाके सहारा सिटी होम्स, बिचोली मरदाना बायपास में संचालित हो रही थी. आरोपी नामी ब्रांड्स की तरह हूबहू नकली पान मसाला तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे. थाना कनाडिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन मिलावटखोर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक मैग्नीशियम कार्बोनेट समेत कच्चा माल, तैयार पान मसाला और मशीनें जब्त की गईं. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है.
रविवार देर रात इंदौर में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी कार
इंदौर में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई. यह कार पलासिया से रीगल चौराहा की ओर जा रही थी. हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे. तेज रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क पर पलट गई. गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई. कार पलटते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से कार को सीधा किया गया. यह घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
एमपी सीएम डॉ.मोहन का व्यस्त है आज कार्यक्रम
डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है. सुबह से लेकर रात तक वे अलग-अलग शासकीय, राजनीतिक और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. सुबह 09:15 बजे मुख्यमंत्री शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (उत्कृष्ट विद्यालय), शिवाजी नगर पहुंचेंगे. इसके बाद 10:25 बजे पॉलिटेक्निक चौराहा पहुंचकर स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. 10:40 बजे मुख्यमंत्री अपने निवास लौटेंगे. दोपहर में 11:25 बजे वे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां 11:50 बजे एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद 12:00 बजे रवींद्र भवन पहुंचकर मध्यप्रदेश स्टार्टअप समिट–2026 में शामिल होंगे. दोपहर 01:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा संगम रोजगार मेला–2026 (सारंगपुर) में सहभागिता करेंगे. 01:40 बजे स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचने के बाद 02:20 बजे वे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट नागपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे.
युवा दिवस पर प्रदेश में शुरू होगा “संकल्प से समाधान” अभियान
युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी से प्रदेशभर में “संकल्प से समाधान” अभियान की शुरुआत होने जा रही है. इस अभियान का उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके. अभियान का संचालन मध्य प्रदेश शासन द्वारा किया जाएगा और यह चार चरणों में 31 मार्च तक चलेगा. इस दौरान नागरिकों से प्राप्त शिकायतों, मांगों और समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. इस अभियान की खास बात यह है कि इसकी सम्पूर्ण कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी. इससे शिकायत दर्ज कराने से लेकर समाधान तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल, पारदर्शी और ट्रैक करने योग्य रहेगी. संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में मामलों का निराकरण करना अनिवार्य होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.