मध्य प्रदेश की सभी लेटेस्ट खबरें और अपडेट
-कैलाश विजयवर्गीय के बंगले पर सपा का प्रदर्शन, पोस्टर पर कालिख पोती
इंदौर में दूषित पानी और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया. सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव कार्यकर्ताओं संग भोपाल स्थित मंत्री के बंगले पहुंचे, जहां फोटो पर मिट्टी और कालिख पोती गई. धरना शुरू किया गया. मनोज यादव ने मंत्री को बर्खास्त करने, महापौर को पद से हटाने और पीड़ितों व मृतकों के परिवारों को कम से कम 50 लाख का मुआवजा देने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने मनोज यादव और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.
– भागीरथपुरा मामले में कांग्रेस नेता हिरासत में, 1 घंटे प्रदर्शन के बाद कार्रवाई
इंदौर के भागीरथपुरा मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक महेश परमार सहित 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. जानकारी के अनुसार कांग्रेस का डेलिगेशन पीड़ित और मृतक परिवारों से मिलने पहुंचा था, इसी दौरान प्रदर्शन शुरू हो गया जो करीब एक घंटे तक चला. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से रवाना किया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी विपक्ष की आवाज दबा रही है, जबकि पुलिस ने आगे वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही.
-भोपाल मेट्रो के समय में बदलाव, अब दोपहर 12 बजे से चलेगी पहली ट्रेन
भोपाल मेट्रो के संचालन समय में बदलाव किया गया है. नई समय-सारिणी के अनुसार अब दिन की पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे एम्स स्टेशन से रवाना होगी, जबकि आख़िरी मेट्रो शाम 7:30 बजे एम्स से सुभाष नगर स्टेशन के लिए चलेगी. मेट्रो के फेरों की संख्या घटाकर 17 से 13 कर दी गई है. साथ ही 8 स्टेशनों की दूरी तय करने में अब 25 मिनट की जगह 40 मिनट का समय लगेगा. नई समय सारिणी 5 जनवरी से लागू होगी. अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव तकनीकी और संचालन संबंधी कारणों के चलते किया गया है.
-वक़्फ बोर्ड को करीब 2 करोड़ 54 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई, FIR
भोपाल में वक़्फ बोर्ड की 185 संपत्तियों को नियम विरुद्ध किराए पर देकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच में सामने आया कि अनियमित किराएदारी से वक़्फ़ बोर्ड को करीब 2 करोड़ 54 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई गई. सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 जुलाई 2023 को इस संबंध में EOW को जांच का पत्र भेजा था. जांच पूरी होने के बाद पूर्व अध्यक्ष शौकत मोहम्मद सहित फुरकान अहमद और मोहम्मद जुबेर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. EOW मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
-भागीरथपुरा में 15 बेगुनाहों की मौत पर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने, हंगामा
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 15 लोगों की मौत के बाद राजनीति का घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को कांग्रेस का एक डेलिगेशन मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचा, तभी मौके पर मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जोरदार हंगामा शुरू हो गया. माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा. कांग्रेस ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने घटना पर राजनीति करने का आरोप जड़ा.
-भागीरथपुरा में आकाश विजयवर्गीय को लोगों ने घेरा, बिना जवाब दिए निकले
भागीरथपुरा में दूषित पानी कांड के दौरे पर पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय पर सवालों से बचने का आरोप लगा है. मौके पर मौजूद मीडिया ने पानी की गुणवत्ता पर जवाब मांगते हुए आकाश को खुला चैलेंज दिया कि यदि पानी सुरक्षित है तो टैंकर का पानी पीकर दिखाएं. बताया गया कि आकाश से पत्रकारों ने करीब दस बार सवाल पूछे, लेकिन उनके समर्थकों ने सुरक्षा घेरा बना लिया और मीडिया को आगे बढ़ने से रोक दिया. विरोध बढ़ता देख आकाश समर्थकों की आड़ में कार में बैठकर स्थान से रवाना हो गए.
-जबलपुर में हाईवे पर दिनदहाड़े डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या, सनसनी
जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजपुर में दिनदहाड़े हुए हत्या कांड से इलाके में दहशत फैल गई. जानकारी के अनुसार प्राइवेट डॉक्टर बताए जा रहे अभिषेक साहू की हाईवे पर बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. बताया गया कि अभिषेक की स्कॉर्पियो कार कल सहजपुर में खराब हुई थी, जिसे सुधरवाने के लिए वह आज फिर मौके पर पहुंचे थे. इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आरोपी फरार बताए जा रहे हैं
-IAS क्षितिज सिंघल संभालेंगे इंदौर की कमान
क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है. वे 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले उज्जैन नगर निगम में आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वर्तमान में वे मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक (MD) के पद पर कार्यरत थे. प्रशासनिक अनुभव और शहरी व्यवस्थाओं की समझ को देखते हुए उन्हें इंदौर जैसे बड़े नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है. माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में नगर निगम की कार्यप्रणाली को नई दिशा मिलेगी.
-भोपाल में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष
भोपाल के कोलार इलाके में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान हिस्ट्रीशीटर बदमाश जीतू यादव ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. घटना में दोनों पक्षों के कई लोग आपस में भिड़ गए, जिसमें तीन से चार लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि जीतू यादव की कई नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिसे लेकर भी चर्चा तेज है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. मामले की जांच जारी है.
भोपाल में जबरदस्त चली वाहन चेकिंग, 1635 वाहनों पर चालानी कार्रवाई
भोपाल में ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई की. 29 से 31 दिसंबर तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 1635 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई. इस दौरान दो पहिया वाहन 1032, जीप-कार 411, ऑटो/ई-रिक्शा 160, लोडिंग पिकअप 28 और भारी वाहन बस-ट्रक 4 शामिल रहे. ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर की गई इस कार्रवाई में कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ग्वालियर में दो भाईयों में विवाद, गैंगवार में बदली मामूली लड़ाई

झांसी रोड थाना क्षेत्र के सातऊ गांव में न्यू ईयर पार्टी के दौरान मौसेरे भाइयों के बीच विवाद बढ़कर गैंगवार में बदल गया. बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पहले कहासुनी हुई, फिर गुरुपाल सिंह और सतपाल सिंह के बीच आमने-सामने गोलियां चलीं. इस फायरिंग में दोनों पक्षों के एक-एक लोग घायल हो गए. गुरुपाल के सीने में गोली लगी, जबकि दूसरे पक्ष के सुमित के पैर में गोली लगने की सूचना है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विवाद की वजह पैसे का लेन-देन बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.