मध्य प्रदेश विधानसभा का इस बार का बजट पूरी तरह से पेपरलेस होगा. इसे डिजिटल स्वरूप में पेश किया जाएगा. बजट सत्र की अधिसूचना जारी होने के बाद विधानसभा सचिवालय को 3478 सवालों के नोटिस मिले हैं, जिनमें 1750 तारांकित और 1728 अतारांकित सवाल शामिल हैं. इनमें से 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 निजी प्रस्ताव और 83 शून्यकाल के लिए हैं.
मध्य प्रदेश सरकार के बजट को लेकर जनता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार को शिक्षा पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. किसी ने कृषि क्षेत्र, तो किसी ने बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने की मांग की. महिलाओं ने किचन से जुड़े सामानों को सस्ता करने की पैरवी की. जनता बोली कि सरकार को सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए बजट बनाना चाहिए. लोगों ने कहा कि हर चीज महंगी होती जा रही है, सोना-चांदी हो या बिल्डिंग मटेरियल, सभी की कीमतें आसमान छू रही हैं. आम आदमी के लिए घर चलाना बहुत मुश्किल हो रहा है, इसलिए बजट में हमारी जरूरतों का ध्यान रखा जाए.
बजट सत्र से जुड़े Live अपडेट्स…
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देना सरकार का मकसद: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि युवा वर्ग को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देना सरकार का मकसद है. आने वाले सालों में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या में वृद्धि होगी. हमारी सरकार निर्धन एवं कमजोर वर्गों को अंतिम पंक्ति से प्रथम पंक्ति में लाने के लिए जमीन आसमान एक करने वाली सरकार है. हमारी सरकार महिलाओं में आत्मनिर्भरता लाने वाली लाडली बहना योजना पर अग्रसर है. जीवन में कुछ सुगम बनाने वाली सामाजिक पेंशन योजनाएं और लाखों स्वरोजगार योजनाएं उनसे जोड़कर एक नई आर्थिक क्रांति लाने वाली हमारी सरकार है.
25 हजार करोड़ रुपये का कृषि ऋण प्रस्तावित
वित्त मंत्री के भाषण के बीच विपक्ष का हंगामा जारी है. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण देते हुए कहा कि सहकारिता एक जन-आंदोलन है. बजट में 25 हजार करोड़ का कृषि ऋण प्रस्तावित किए जाने का प्रावधान है. गरीब कल्याण पर सरकार का खासा ध्यान है. गरीब कल्याण योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है.
किसानों के लिए फायदेमंद किसान मोबाइल ऐप: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि किसानों के लिए किसान मोबाइल ऐप काफी फायदेमंद साबित हो रही है. राज्य में पेंशन से जुड़ी कार्यवाही को पेपरलेस किया जा रहा है. उद्यानिकी विभाग के लिए 272 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान है. हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को दूध की कैपिटल बनाना है. इस दिशा में पशुपालन विभाग के बजट पर खास ध्यान दिया गया है. पशुपालन गतिविधियों के लिए 2364 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
पीएम मोदी के विकसित भारत में एमपी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि 2026 का साल किसान विकास को समर्पित साल होगा. पीएम मोदी के विकसित भारत में एमपी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. बजट में तीन साल की प्लानिंग की झलक है. बजट को बनाने के लिए विशेषज्ञों के साथ आम जनता की राय ली गई है. गरीबी को आय से नहीं स्वास्थ्य, स्वच्छता से भी आंका गया है. ऋण प्रबंधन और अर्थ प्रबंधन में पारदर्शिता है. 2047 के दृष्टिपत्र को लेकर बजट में प्रावधान हैं. यह बजट संवैधानिक प्रावधान का पालन करने वाला बजट है. जिलों के प्राथमिकता वाला बजट है. एमपी में 28 फीसदी युवा हैं. बजट में युवाओं का भी ध्यान रखा गया है.
मुख्यमंत्री परिवहन सुगम सेवा जनता के लिए लाभदायक
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवहन सुगम सेवा राज्य की जनता के लिए लाभदायक साबित हो रही है. सरकार का इसपर पूरा ध्यान है. अन्नदाता के श्रम से खेतों से स्वर्ण निकलता है. हमारी सरकार किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. हमारा प्रदेश देश का तीसरा सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादन वाला प्रदेश है. कई फसलों के उत्पादन में हमारा पहला स्थान है.
रोलिंग बजट प्रस्तुत करने वाला पहला राज्य: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि हमारा प्रदेश रोलिंग बजट प्रस्तुत करने वाला देश का पहला प्रदेश है. प्रदेश की विकास यात्रा में संतुलन रखा जा रहा है. हमारी सरकार के लिए बजट संवैधानिक दायित्व है. सच्चा वादा, पक्का काम, हमारी सरकार की पहचान है.
पीएम के सपने को साकार करने वाला बजट: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि हर हाथ को काम, हर युवा को रोजगार, हर नारी को न्याय, यही हमारी सरकार उद्देश्य है. यह पीएम मोदी के सपने को साकार करने वाला बजट है.
वित्त मंत्री ने शुरू किया बजट भाषण, विपक्ष का हंगामा
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में बजट भाषण पढ़ना शुरू किया, तो विपक्ष ने हंगामा कर दिया. अध्यक्ष ने उन्हें रोका. कहा कि जब बजट पर चर्चा होगी, तब आप अपना विषय रखना.
कांग्रेस का बजट के विरोध में प्रोटेस्ट
बजट से पहले कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. कांग्रेस नेता गुल्लक लेकर विधानसभा पहुंचे.
सरकार जनता का मजाक उड़ा रही है: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
बजट पेश होने से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार जनता का मजाक उड़ा रही है. आर्थिक सर्वेक्षण की बात करते हैं. औसत आय बढ़ गई है कहते हैं. 170000 से 2 लाख की आय हो गई है. 5 लाख करोड़ का कर्ज हो चुका है. मैं कहना चाहता हूं कि जनता किस्त भर रही है. सरकार कर्ज लेकर घी पी रही है. सरकार 2026 की बात करें, 2047 के सपने न दिखाए.
यह जनता का बजट होगा: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा
मध्य प्रदेश के बजट को लेकर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि बीजेपी की सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विधानसभा में आज बजट प्रस्तुत होगा. यह बजट सर्वस्पर्शी बजट होगा. यह जनता का बजट होगा. नारी, युवा, किसान और गरीब को आधार मानकर 2026-27 का बजट पेश होगा. काफी निवेश मध्य प्रदेश आया है. यह साल किसान कल्याण वर्ष का है. बजट में कोशिश की गई है कि किसान आत्मनिर्भर बनें. जनता से हमने सुझाव आमंत्रित किए थे. जनता से बड़ी संख्या में अच्छे सुझाव आए. विषय विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से भी संवाद किया गया था. आम जनता और व्यापारी वर्ग क्या चाहते हैं, यह जानने की कोशिश की गई. हमने सुझावों को भी बजट में शामिल किया है. बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा. महंगाई को लेकर सरकार गंभीर है. केंद्र और राज्य सरकार दोनों इस मामले में गंभीर हैं. पूंजीगत कार्यों के लिए कर्ज लिया जाता है. कोई प्रदेश ऐसा नहीं है, जिसने कर्ज लेकर काम न किया हो. हम समय पर ब्याज देते हैं और कर्ज चुकाते हैं. कर्ज लिमिट में है. कांग्रेस सरकार ने कर्ज लेकर वेतन भत्ते में खर्च किया. बीजेपी की सरकार ने पूंजीगत व्यय में खर्च किया. पहले जीरो बजटिंग के हिसाब से बजट था. रोलिंग बजट के हिसाब से हमने प्रयोग किया है. हमने 3 साल आगे तक का रोडमैप तैयार किया है. वित्तीय प्रबंधन में इसका लाभ मिलेगा.
किसानों का हितैषी बजट आ रहा है: कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना
मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कहा कि किसानों का हितैषी बजट आ रहा है. हमारे किसान गुस्सा नहीं हैं.
एनर्जी सेक्टर पर सरकार का फोकस: ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला
राज्य के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि एनर्जी सेक्टर पर सरकार का फोकस है. विभाग का बजट बढ़ेगा.
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पहले विभागों को जितनी राशि दी गई थी, अगर खर्च नहीं हो पाया, तो उतना बजट नहीं मिलेगा. इससे वित्तीय प्रबंधन में सहयोग मिलेगा.
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
मध्य प्रदेश सरकार के बजट को लेकर डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा कुछ देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.