भोपाल एक्सप्रेस के बी-2 कोच में शनिवार रात अचानक आग का अलार्म बजते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ट्रेन में अनाउंसमेंट हुआ कि कोच में आग लगी है। घटना रात करीब 10:45 बजे की है। तब ट्रेन चेतक ब्रिज के पास थी। अलार्म और अनाउंसमेंट के बाद घबराए यात्री ट्रेन से उतरकर सीधे पटरी पर आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोच के भीतर कुछ जलने की तेज स्मेल आ रही थी। अनाउंसमेंट में किचन एरिया में आग लगने की बात कही गई। यात्रियों से तुरंत ट्रेन खाली करने को कहा गया। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर एक मालगाड़ी के आने की सूचना मिली, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई। यात्री खुले ट्रैक पर खड़े थे और किसी भी तरह की चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। जल्दबाजी में ट्रेन में चढ़ने लगे यात्री
सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनी, जब यात्रियों के पटरी पर रहते हुए ही भोपाल एक्सप्रेस को बिना किसी स्पष्ट समन्वय के आगे बढ़ा दिया गया। अचानक ट्रेन चलने से यात्री घबराकर जल्दबाजी में दोबारा चढ़ने लगे। कई यात्री गिरते-पड़ते बचे। यात्रियों का कहना है कि अगर ट्रेन कुछ सेकंड पहले चलती या मालगाड़ी नजदीक आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। भोपाल स्टेशन पर हंगामे, आधे घंटे रूकी ट्रेन
भोपाल स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों के हंगामे के बाद ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोका गया। यहां एक कोच अटेंडेंट ने यात्रियों को बताया कि कोच की वायरिंग में फंसा एक चूहा जल गया था, जिससे धुआं और जलने की बदबू फैली और आग का अलार्म सक्रिय हो गया। यात्रियों का आरोप है कि इस जानकारी के बावजूद मौके पर न तो तत्काल तकनीकी जांच की गई और न ही स्थिति को लेकर स्पष्ट और जिम्मेदार अनाउंसमेंट हुआ। घटना के दौरान कई यात्रियों ने फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड किए हैं। यह पूरा मामला रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था, कोच में मेंटेनेंस और आपातकालीन तालमेल पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.