भोजपुर: देश के ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी के साथ-साथ पशुपालन अब आय का एक मजबूत और भरोसेमंद स्रोत बनकर उभर रहा है. सरकार भी किसानों को पशुपालन के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है. इसी क्रम में बकरी पालन को लेकर किसानों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भोजपुर जिले के आरा अनुमंडल स्थित कोइलवर के पीएनबी आरसेटी (PNB RSETI) में बकरी पालन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है.
आवेदन प्रक्रिया शुरू
यह प्रशिक्षण 12 जनवरी से प्रारंभ होगा. प्रशिक्षण में भाग लेने वाले किसानों के लिए रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था संस्थान की ओर से निःशुल्क की गई है. पीएनबी आरसेटी कोइलवर में यह दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
बकरी पालन के कई लाभ
बकरी पालन किसानों के लिए कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाला व्यवसाय माना जाता है. बकरी के दूध में गाय और भैंस के दूध की तुलना में अधिक पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिससे इसकी बाजार में अच्छी मांग रहती है. वहीं बकरी का मांस भी बिक्री के लिहाज से काफी लाभदायक होता है. यदि छोटे बच्चों (पाठों) को पालकर दो से तीन वर्षों में बड़ा किया जाए तो किसानों को कई गुना मुनाफा मिल सकता है. विशेष रूप से डेंगू और टाइफाइड जैसी बीमारियों के दौरान बकरी के दूध की कीमत कई गुना तक बढ़ जाती है.
प्रशिक्षण के दौरान क्या सिखाया जाएगा
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बकरी के दूध से पनीर, चीज़ और पेड़ा जैसे उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया भी सिखाई जाएगी, ताकि वे अपने स्वयं के आउटलेट खोलकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें.
बैंक लोन में भी मिलेगा लाभ
बकरी पालन प्रशिक्षण का एक बड़ा फायदा यह है कि इसका प्रमाण पत्र बैंक लोन लेने में सहायक होगा। प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों को बीमा दावा प्रक्रिया, बैंकिंग प्रणाली और लोन से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि उन्हें भविष्य में ऋण लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पीएनबी आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पीएनबी बैंक के माध्यम से लोन दिलाकर स्वरोजगार शुरू कराने में भी सहायता की जाएगी।
आवेदन की पात्रता और प्रक्रिया
बकरी पालन प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है. इच्छुक अभ्यर्थी 5 पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आठवीं पास शैक्षणिक प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र के साथ पीएनबी आरसेटी कोइलवर में आवेदन कर सकते हैं. नामांकन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा.
यहां करें संपर्क
प्रशिक्षण का यह बैच 12 जनवरी से शुरू होकर 4 मार्च तक चलेगा. प्रशिक्षण के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क होगी. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी निम्न मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं- 8507104864, 9939947793, 9334505434, 8507437188.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.