भिवानी की बेटी प्रीति ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा में अंग्रेजी विषय से ऑल इंडिया में छठी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि पर नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था द्वारा जैन चौक अहिरों की गली स्थित उनके निवास पर उन्हें सम्मानित किया गया। प्रीति को भारत की प्रथम महिला अध्यापिका सावित्रीबाई फुले का चित्र भेंटकर, फूलमाला व पटका पहनाकर सम्मानित किया। प्रीति लक्ष्मी नारायण की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भिवानी में प्राप्त की। आगे की पढ़ाई चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से अंग्रेजी विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर के रूप में पूर्ण की। अध्ययन काल में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप कर उन्होंने अपने ज्ञान और समृद्ध किया। यूजीसी नेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उनका चयन जूनियर रिसर्च फेलोशिप एवं असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए भी हुआ है। प्रीति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और सतत अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। यह सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा संस्था के संस्थापक सुरेश सैनी ने कहा कि प्रीति की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। यह सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में पार्षद विनोद प्रजापति, मुस्लिम खिदमत सोसाइटी के प्रधान जोरावर अली, श्री विश्वकर्मा शिक्षा एवं जन कल्याण समिति के प्रधान एडवोकेट राजेश जांगड़ा, हरियाणा स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समिति के सदस्य सुरेश किराड़, युवा भारत के जिला प्रभारी व याेगाचार्य बिजेश जावला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.