भीलवाड़ा शहर के भोपालपुरा इलाके में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक मकानों पर पत्थर फेंक दिए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घरों की छतों और लोहे के शेड पर पत्थर गिरने से घबराकर लोग बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एक दर्जन मकानों पर फेंके गए पत्थर घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भोपालपुरा इलाके में खेड़ा खूंट माताजी के पास की है। रविवार देर रात अचानक कई घरों की छतों और शेड पर पत्थर गिरने लगे। देखते ही देखते आसपास के करीब एक दर्जन मकानों को निशाना बनाया गया। अचानक हुई पत्थरबाजी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। छत पर मौजूद बेटी को नीचे बुलाया भोपालपुरा निवासी रतनलाल खटीक ने बताया कि वे घर में काम कर रहे थे। इसी दौरान पीछे की ओर से पत्थर आने लगे। उस समय उनकी बेटी छत पर थी, जिसे तुरंत नीचे बुलाया गया। अचानक पत्थर गिरने से परिवार के लोग घबरा गए और आसपास के लोग भी बाहर आ गए। अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले आरोपी एक साथ कई घरों पर पत्थर फेंके जाने के बाद मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए, लेकिन आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। लोगों ने बताया कि पास के एक कारखाने के शेड पर भी काफी पत्थर गिरे हुए मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर किसने और किस वजह से फेंके। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस पत्थर फेंकने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। लोगों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग घटना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उनका कहना है कि इस तरह पत्थर फेंककर इलाके में दहशत फैलाने की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पीड़ित पक्ष के कुछ लोग देर रात कोतवाली थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटे रहे और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.