भरतपुर के कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव पिचूमर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही कुम्हेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि कविता को ससुराल में लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के पिता ने बताया कि करीब दस वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी कविता की शादी लालचंद से तथा बड़ी बेटी ममता की शादी बिजेंद्र से कराई थी। शादी के बाद से ही कविता के ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
ये भी पढ़ें- Rajasthan News: राजस्थान में कड़ाके की ठंड, करौली में पारा 3.1 डिग्री तक गिरा, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट
तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी
परिजनों के अनुसार, इस बार ससुराल वालों ने कविता के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसे जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के दौरान कविता की बड़ी बहन ममता के साथ भी मारपीट की गई। ममता गंभीर अवस्था में कविता को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव और तनातनी की स्थिति बनी
घटना के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी पर दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव और तनातनी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कुम्हेर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.