भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उर्दू बाजार स्थित ठाकुबाड़ी के पास सीता सदन लॉज में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक छात्र की पहचान बांका जिले के बौंसी निवासी विशाल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि विशाल इंटर का छात्र था और पढ़ाई के लिए सीता सदन लॉज के एक कमरे में रह रहा था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लॉज के कमरे को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल छात्र का शव लॉज के कमरे के अंदर ही बंद है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोला जाएगा।
आत्महत्या के कारणों पर रहस्य का पर्दा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या की है, लेकिन इसके पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस लॉज संचालक, आसपास के लोगों और छात्र के साथियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दे दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.