सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के बाद जिले के दामजीपुरा क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित कुछ लोगों ने प्रदर्शन करते हुए तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इनमें दो पंक्चर की दुकानें और एक रेडियो मरम्मत की दुकान शामिल बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
यह घटना रविवार को जिला मुख्यालय से लगभग 110 किलोमीटर दूर दामजीपुरा में हुई। वीडियो सामने आने के बाद सुबह से ही इलाके में नाराज़गी बढ़ने लगी थी। गुस्साई भीड़ ने सबसे पहले आरोपी से जुड़ी बताई जा रही दुकान को निशाना बनाया, जिसके बाद आसपास की कुछ अन्य दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई।
ये भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री के वारिसों को झटका, कोर्ट ने कहा- अपंजीकृत सेल डीड से न मालिकाना हक मिलता है न स्टे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। विभिन्न थानों से अतिरिक्त बल भेजा गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य के अनुसार, जिस युवक पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने बताया कि मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.