Last Updated:
Bihar News: बेगूसराय से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई. जहां एक युवक को तीन गोलियां मारी गईं. बदमाश उसे मरा समझकर सड़क पर फेंककर भाग निकले. बावजूद इसके युवक खुद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा.
बेगूसरायः किडनैपिंग, फायरिंग और मर्डर की कोशिश. फिर भी बुरी तरह घायल युवक ने हार नहीं मानी और तीन गोलियां लगने के बाद खुद अस्पताल जा पहुंचा. खौफनाक वारदात बेगूसराय की है. जहां बदमाशों ने 25 साल के दलित युवक के साथ बर्बरता की हद पार कर दी. उसे अगवा किया, बुरी तरह मारपीट की गई. तीन गोलियां मारीं और मरा हुआ समझकर सड़क पर फेंक गए. होश में आने पर घायल ने हिम्मत दिखाई और ई-रिक्शा को रोककर खुद अस्पताल जा पहुंचा.
पूरी घटना बलिया थाना इलाके के डंडारी ढ़ाला के पास की है. जहां हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को स्कॉर्पियो गाड़ी से अगवा किया और बलिया–डंडारी पथ स्थित सिमलदही पुल के पास ले जाकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली युवक के दाहिने हाथ और जबड़े में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान अंबेडकर नगर के रहने वाले रामप्रवेश पासवान के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है. गोली लगने के बाद भी सोनू कुमार ने साहस का परिचय देते हुए घटनास्थल से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक को रोका और खुद इलाज के लिए बलिया पीएचसी पहुंचा.
छेड़खानी का विरोध करने पर शुरू हुई थी रंजिश
डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया. पीड़ित के पिता रामप्रवेश पासवान ने बताया कि उनके पुत्र ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद वे बलिया पीएचसी पहुंचे. उन्होंने बताया कि अंबेडकर नगर में चौहरमल बाबा का मेला लगा हुआ था, जहां बरबीघी के एक युवक ने लड़की से छेड़खानी की जा रही थी. इसका विरोध सोनू कुमार ने किया था, जिसको लेकर पहले उसके साथ मारपीट हुई थी. इसी मामले में बाद में सोनू कुमार को गोली मार दी गई.
पहले से धमकी दे रहे थे बदमाश
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस घटना को लेकर एससी-एसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसके बाद से ही बदमाश मुकदमा उठाने का दबाव बना रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे. आरोप है कि इसी रंजिश में अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. मामले में बलिया थाना अध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है. पीड़ित द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
About the Author
माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.